उत्तर प्रदेश, बदायूं/सहसवान। तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार किशोर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से साइकिल सवार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव समसपुर बल्लू निवासी सुनील (17) पुत्र उदयवीर अपने घर लौट रहा था इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से साइकिल सवार सुनील और बाइक सवार दोनों घायल हो गए। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएससी बिल्सी भेजा जहां पर साइकिल सवार किशोर सुनील की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष मुजरिया मनोज कुमार ने बताया कि बाइक और साइकिल के बीच टक्कर हुई थी जिसमें साइकिल सवार किशोर सुनील की मौत हो गई और बाइक सवार घायल हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है जैसे ही तहरीर प्राप्त होगी आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मृतक किशोर सुनील का फाइल फोटो।
डेस्क- राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे।